लखनऊ। उत्तरप्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड देख सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत प्रदेश में कुल 41,424 होमगार्ड पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) की प्रक्रिया से गुजरना होगा। बोर्ड ने अगले चरण के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है।
ऐसे करें रिजल्ट चेक
सबसे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर दिखाई दे रहे UP Home Guard Recruitment 2026 Result लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
सभी जानकारी भरने के बाद Submit बटन पर क्लिक करें।
स्क्रीन पर आपका रिजल्ट और स्कोरकार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए प्रिंट भी निकाल सकते हैं।
41,424 पदों के लिए लाखों अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
होमगार्ड भर्ती के लिए प्रदेशभर से लाखों युवाओं ने आवेदन किया था। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को देखते हुए परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी।
तीन दिनों तक चली थी लिखित परीक्षा
होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा 25 से 27 अप्रैल 2026 के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद 7 मई को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी। अब परिणाम घोषित होने के साथ ही सफल अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे।