लखनऊ- उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर समेत 25 से अधिक शहरों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं कानपुर, आगरा, मथुरा सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आज 55 जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है।
ललितपुर में रेलवे स्टेशन और थाने में घुसा बारिश का पानी
लगातार हो रही बारिश के चलते ललितपुर में रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी भर गया। वहीं बिजनौर में सड़कों पर करीब तीन फीट तक जलभराव हो गया, जिससे लोगों को घुटनों तक पानी में चलकर निकलना पड़ा। बदायूं में बारिश के कारण खेत जलमग्न हो गए, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई।
मुरादाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के गागन वाली मैनाठेर गांव में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि बारिश से बचने के लिए सभी मजदूर एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी बिजली गिर गई।
कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज
आगरा में सुबह से घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। प्रतापगढ़ में झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि उन्नाव में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी है।
55 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सोनभद्र और महाराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून अब तेजी से पूरे प्रदेश में फैल रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
देरी से पहुंचा मानसून, अब पकड़ेगा रफ्तार
मौसम विभाग ने बताया कि इस बार मानसून करीब 19 दिनों तक यूपी-बिहार सीमा पर रुका रहा, जिसके कारण प्रदेश में सामान्य से लगभग 10 दिन की देरी से प्रवेश हुआ। हालांकि अब मानसून सक्रिय हो चुका है और आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है।