उत्तरप्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 113 मिमी वर्षा बहराइच में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बिजनौर में 95 मिमी, ललितपुर में 93 मिमी, बुलंदशहर में 72 मिमी तथा संभल और हमीरपुर में 65-65 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कई जिलों में जलभराव, जनजीवन प्रभावित
आजमगढ़ में दोपहर बाद हुई तेज बारिश से कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। राजधानी लखनऊ में दिनभर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा, जबकि शाम के समय बहराइच में मूसलाधार बारिश हुई। बिजनौर में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन और अंडरपास में घुसा पानी
मिर्जापुर में करीब दो घंटे की लगातार बारिश के बाद कचहरी के पास स्थित अंडरपास जलमग्न हो गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में भी पानी भर गया। वहीं फतेहपुर में तेज आंधी के चलते एक ई-रिक्शा पलट गया, जबकि बदायूं में खेतों में पानी भरने से किसानों को राहत मिली।
10 दिन की देरी से प्रदेश में पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने मंगलवार को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया। इसके बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई। विभाग ने बताया कि इस बार मानसून करीब 19 दिनों तक यूपी-बिहार सीमा पर रुका रहा और सामान्य समय से लगभग 10 दिन की देरी से प्रदेश में पहुंचा है।