लखनऊ- उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है, लेकिन महीने के अंत तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की संभावना है।
30 जून से बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जून से प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जबकि 30 जून से पूर्वांचल सहित कई जिलों में व्यापक बारिश शुरू हो सकती है। बारिश का यह दौर तापमान में बड़ी गिरावट लाएगा और लोगों को उमस व लू से राहत मिलेगी।
आज भी 25 जिलों में बारिश की संभावना
बुधवार को नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को भी वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, बांदा, चित्रकूट और झांसी समेत करीब 25 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
लखनऊ समेत कई जिलों में लू का अलर्ट
एक ओर जहां कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं, वहीं लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा समेत कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को दोपहर के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बांदा बना प्रदेश का सबसे गर्म जिला
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप अभी भी बरकरार है। बांदा में पिछले 24 घंटों के दौरान 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। प्रयागराज, वाराणसी और फतेहपुर भी 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे।
5 से 7 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मानसून सक्रिय होते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे गर्मी और उमस दोनों से राहत मिलेगी तथा किसानों को भी फायदा होगा।