लखनऊ- उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET 2026) आज से शुरू हो गई है। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में प्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से करीब 19.94 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर पांच पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पेपर लीक रोकने के लिए हाई अलर्ट
महाराष्ट्र में हाल ही में टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। सैकड़ों कोचिंग संचालकों के मोबाइल नंबर निगरानी में रखे गए हैं और कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है।
2021 पेपर लीक से लिया गया सबक
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश टीईटी का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सुरक्षा और गोपनीयता के विशेष इंतजाम किए हैं। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने का भरोसा दिलाया है।
पांच पालियों में होगी परीक्षा
2 जुलाई: उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा
3 जुलाई: प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक, द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर
4 जुलाई: प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा
करीब 20 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस वर्ष परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 17,67,180 अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश से और 2,27,481 अन्य राज्यों से हैं। परीक्षा में 1,85,791 सेवारत शिक्षक और 18,08,870 नए अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र
वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा और जौनपुर उन जिलों में शामिल हैं, जहां सबसे अधिक परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थी हैं।
जौनपुर में सबसे ज्यादा, लद्दाख से सिर्फ एक अभ्यर्थी
जौनपुर से सबसे अधिक 67,597 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि लद्दाख से केवल एक उम्मीदवार ने आवेदन किया है। इसके अलावा बिहार से 31,766, मध्य प्रदेश से 20,375, दिल्ली से 16,411, राजस्थान से 12,774, हरियाणा से 5,748, झारखंड से 5,635, उत्तराखंड से 2,710 और पश्चिम बंगाल से 1,909 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।