उत्तरप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन की शुरुआत तेज धूप और उमस के साथ हुई। मौसम विभाग ने राज्य के 30 शहरों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, भीषण गर्मी को देखते हुए अलीगढ़ में कक्षा 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
30 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। प्रदेश के 30 शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हमीरपुर में बिजली गिरने से किसान की मौत
हमीरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
मानसून की एंट्री में हो रही देरी
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून पिछले 16-17 दिनों से उत्तर प्रदेश की सीमा के पास महाराजगंज क्षेत्र में रुका हुआ है। सामान्यतः मानसून 20 जून तक प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसके 29 या 30 जून तक उत्तर प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। यानी मानसून करीब 8 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।
लखीमपुर खीरी रहा सबसे गर्म जिला
शुक्रवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा और आगरा में 43 डिग्री, लखनऊ में 42.4 डिग्री तथा फर्रुखाबाद में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।