उत्तरप्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून के गोरखपुर और महराजगंज के रास्ते प्रवेश करने की संभावना है। मंगलवार को नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, ललितपुर और बागपत में धूलभरी आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। वहीं, पूर्वी उत्तरप्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप, उमस और भीषण गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 26 से 27 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच सकता है। सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक उत्तरप्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार यूपी-बिहार सीमा तक पहुंचने के बाद इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है। पिछले करीब 15 दिनों से मानसून महराजगंज के आसपास ही ठहरा हुआ है।
प्रयागराज रहा देश का सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश दर्ज की गई। बस्ती में तेज आंधी और बारिश के कारण कई पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। एक पेड़ कार पर गिर गया, जबकि सड़क पर यूनिपोल गिरने से लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा।
अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान
24 जून: पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में लू का असर बना रहेगा।
25 जून: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी और लू का प्रभाव बढ़ सकता है।
26 जून: पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।
27 जून: पश्चिमी यूपी में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
28 जून: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।