उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेंगलुरु दौरे पर रहेंगे, जहां ‘उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत एक विशेष इन्वेस्टर रोडशो आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे।
निवेशकों को यूपी में निवेश के लिए करेंगे आमंत्रित
रोडशो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। इस दौरान राज्य की तेज विकास यात्रा, उद्योग-अनुकूल नीतियां और निवेश की संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।
उद्योग जगत के दिग्गज होंगे शामिल
कार्यक्रम में देश के कई बड़े उद्योगपति, कॉर्पोरेट लीडर्स और निवेशक हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के सामने राज्य को देश का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने के लिए अपनाई गई नीतियों और उपलब्धियों को रखेगी।
यूपी की विकास परियोजनाओं का होगा प्रस्तुतीकरण
रोडशो में उत्तर प्रदेश के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रिक व्हीकल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में हो रही प्रगति को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
निवेशकों की पहली पसंद बन रहा उत्तर प्रदेश
सरकार का दावा है कि सिंगल विंडो सिस्टम, विशाल भूमि बैंक, कुशल मानव संसाधन और आकर्षक प्रोत्साहन नीतियों के कारण पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश निवेशकों की पसंदीदा मंजिल बनकर उभरा है। इसी दिशा में ‘UP Global Growth Dialogue 2026’ निवेश आकर्षित करने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।