नई दिल्ली: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। 11 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान के आसपास और सम्मेलन से जुड़े प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान 35 से अधिक सड़कें और 22 डायवर्जन पॉइंट प्रभावित होंगे।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
सदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग समेत कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
मंडी हाउस से जुड़े मार्ग
मंडी हाउस के आसपास फिरोज शाह रोड, भगवान दास रोड और कोपरनिकस मार्ग पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। नई दिल्ली, दक्षिण और पश्चिम दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन बाराखंबा रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं पूर्व, उत्तर और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लिए सिकंदरा रोड वैकल्पिक मार्ग रहेगा।
भैरों मार्ग पर भी प्रतिबंध
रिंग रोड से भैरों मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। दक्षिण और पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री सराय काले खां के रास्ते रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। मध्य, उत्तर और पूर्वी दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन राजघाट के रास्ते रिंग रोड पहुंच सकेंगे।

पटेल चौक पर रास्ता बंद
पटेल चौक से विंडसर प्लेस और आरबीआई (संसद मार्ग) की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। नई दिल्ली, दक्षिण, पश्चिम और मध्य दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अशोक रोड से जीपीओ की ओर जाने वाला मार्ग उपलब्ध रहेगा।
धौला कुआं फ्लाईओवर पर ट्रैफिक प्रतिबंध
धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। दक्षिण, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन रिंग रोड के दोनों तरफ के मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यात्रियों से अपील: BRICS सम्मेलन के दौरान संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है।