लखनऊ से दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान एक क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में टिश्यू पेपर मिला। इस पर अंग्रेजी में ‘Bomb’ लिखा हुआ था।धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया गया। इसके बाद विमान की सरदार वल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
133 यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल-2 पहुंचाया गया
विमान में कुल 133 यात्री सवार थे। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल-2 ले जाया गया।इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन एरिया में ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की।
केबिन, कार्गो और यात्रियों के सामान की तलाशी
सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के केबिन, सीटों, कार्गो और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की। शुरुआती जांच में विमान के भीतर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान के टॉयलेट में धमकी भरा संदेश किसने छोड़ा।
4:17 बजे लखनऊ से रवाना हुई थी फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट ने गुरुवार शाम करीब 4:17 बजे लखनऊ से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान धमकी मिलने के बाद विमान को अहमदाबाद लाया गया और एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की पूरी जांच की गई।